Tuesday, 27 October 2020

मतदाता अपने मन की सुने- अमित राजन चंद्रवंशी

विधानसभा चुनाव जनता के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसका सीधा असर जनता पर ही पडता है। सड़क, अस्पताल, स्कूल व अन्य चीजों का निर्माण और विकास का जिम्मा आपके द्वारा चुने गये उम्मीदवारों पर ही निर्भर होता है, इसलिए यह काफी महत्वपूर्ण हो जाता है कि हमें अपने जनप्रतिनिधि का चयन सोच विचार कर करना चाहिए ताकि क्षेत्र का विकास और समस्याओं को दूर किया जा सके।
       मत देना हर नागरिक का अधिकार और कर्तव्य भी है। वोट डालने से आप न केवल एक अच्छा जनप्रतिनिधि चुनने में अपनी भागीदारी निभाते हैं बल्कि लोकतंत्र को भी मजबूती प्रदान करते हैं। हम आमतौर पर अपने नेताओं और सरकार को कोसते रहते हैं, लेकिन चुनाव में वोट देते समय लापरवाही बरतते हैं। जिसका खामियाजा हमें अगले पाँच वर्षों तक भुगतना पड़ता है। हमसभी को पांच साल में एक बार ही जनप्रतिनिधि चुनने का मौका मिलता है, तो क्या यह आवश्यक नहीं कि हमें सोच-विचार कर अपने किमती मत का प्रयोग करना चाहिए। ऐसा न हो कि मत देने के बाद पछताना पड़ जाए। आपको खुद भी जागरूक होना चाहिए तथा दूसरों को भी सही जनप्रतिनिधि चुनने के लिए जागरूक करना चाहिए। क्योंकि अक्सर लोग उम्मीदवार का चयन खुद न करके, दूसरे के बातों में आकर फैसला ले लेते हैं। इसलिए आप खुद तय करें कि कौन बेहतर उम्मीदवार है? और यह आवश्यक है कि उम्मीदवार चुनते समय पार्टी को बिल्कुल न देखें क्योंकि कई बार आपके नापसंद पार्टी में भी अच्छे उम्मीदवार मिल सकते हैं। इसलिए अच्छे प्रत्याशी और काबलियत को अपने मतदान का अधिकार बनाएं। कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं होने की सूरत में नोटा का विकल्प चुने या निर्दलीय उम्मीदवार को एक मौका दें।
चुनाव के पहले प्रत्याशियों द्वारा अंधाधुंध किये जा रहे वादों पर बिल्कुल न जाएं, बल्कि यह परखे कि क्या यह बड़े बड़े वादें भले न कर रहा हो लेकिन क्या यह जनता के साथ समन्वय बनाने में सफल रहेगा? क्या जनप्रतिनिधि ईमानदार है और जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए गंभीर है?
अगर हाँ, तो अपना फैसला, अपने मत के रूप में अवश्य दें।
        बिहार में ऐसी सरकार चाहिए जो रोजगार, शिक्षा, उद्योग व पर्यटन को बढावा दें। बिहार में पर्यटन के लिए बहुत से स्थान है, जिन्हें जीर्णोद्धार कर राजस्व को बढाया जा सकता है। नवादा का ककोलत, राजगीर का जरासंध अखाड़ा, सिद्धेश्वरी मंदिर, जरासंध द्वारा निर्मित साइक्लोनिक वाॅल जैसे बहुत से धरोहर को विकसित कर बिहार को गर्वांवित किया जा सकता है।

No comments:

Post a Comment